चवेला पंचायत में नए स्टॉपडैम निर्माण और पुराने बांधों की मरम्मत की मांग

0


*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*

*भानुप्रतापपुर* 

ग्राम पंचायत चवेला में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने की मांग तेज हो गई है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में दो नए स्टॉपडैम निर्माण कराने तथा पुराने स्टॉपडैमों में गेट लगाने की मांग की है। इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है।

ग्राम पंचायत के सरपंच जगजीत सिंह नागेश ने बताया कि गांव में संतोष मेडिया के खेत के समीप और अमिला के खेत के पास नए स्टॉपडैम बनाए जाने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इन बांधों के बनने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और गर्मी के मौसम में जल संकट से भी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के भूजल स्तर में सुधार होने की उम्मीद है।

पंचायत द्वारा दिए गए आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि गांव में कोमल दुग्गा और रामभरोस पटेल के खेतों के पास पूर्व में स्टॉपडैम बनाए गए थे, लेकिन उनमें गेट नहीं लगाए जाने के कारण पानी का पर्याप्त संचयन नहीं हो पा रहा है। बरसात का पानी बहकर निकल जाता है, जिससे बांधों का उद्देश्य अधूरा रह गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुराने स्टॉपडैमों में जल्द गेट लगाए जाएं और नए प्रस्तावित स्टॉपडैमों के निर्माण को स्वीकृति दी जाए, ताकि किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिल सके और खेती-किसानी को मजबूती मिले।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment