जनगणना 2027 को लेकर जिले में जागरूकता अभियान तेज, गांव-गांव पहुंचेगा जनगणना रथ

0

कांकेर। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से कांकेर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के नागरिकों को जनगणना के महत्व, उद्देश्य एवं प्रक्रिया से अवगत कराने हेतु विशेष जनगणना जागरूकता रथ को रवाना किया गया।

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार तथा अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी जितेन्द्र कुर्रे के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी पहुंचे तथा लोग इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

जनगणना जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, कस्बों एवं नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों को जनगणना 2027 के प्रथम चरण में होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की विस्तृत जानकारी दे रहा है। रथ के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण, शासकीय सुविधाओं के विस्तार एवं भविष्य की नीतियों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी समझाया जा रहा है कि सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनगणना के आंकड़े शासन की विभिन्न योजनाओं को जनहित तक पहुंचाने में आधार का कार्य करते हैं। ऐसे में जनगणना में दी गई जानकारी देश और समाज के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

जिला प्रशासन द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें तथा गणना कर्मियों को सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान सफलतापूर्वक एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके। प्रशासन का कहना है कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक ढांचे को मजबूत करने की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है।

चलो निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी।

जनगणना 2027 का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना।

छत्तीसगढ़ राज्य में यह कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।

*"जनगणना से जनकल्याण- हमारी जनगणना, हमारा विकास'*

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment