स्वर्ण पदक विजेता डॉ. अशोक कुमार नाग का गायत्री परिवार ने किया सम्मान

0




कांकेर। गायत्री परिवार द्वारा स्वास्थ्य विभाग के उप स्वास्थ्य केंद्र कंकालीनपारा में पदस्थ ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक डॉ. अशोक कुमार नाग का सम्मान किया गया। यह सम्मान उन्हें राष्ट्रीय जन स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, मुंबई द्वारा आयोजित विभागीय प्रशिक्षण में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल करने पर प्रदान किया गया।


डॉ. अशोक कुमार नाग वर्तमान में गायत्री परिवार के जिला युवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जिले में युवाओं से जुड़ी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों तथा धर्म एवं संस्कृति आधारित कार्यक्रमों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।


अध्ययन एवं अनुसंधान कार्यों में विशेष रुचि रखने वाले डॉ. नाग ने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए पीएचडी की उपाधि भी प्राप्त की है। वे पिछले एक वर्ष से राष्ट्रीय जन स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, मुंबई में “डिप्लोमा इन हेल्थ प्रमोशन एजुकेशन” का विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। इस राष्ट्रीय संस्थान में देशभर के विभिन्न राज्यों से कर्मचारी एवं छात्र प्रशिक्षण हेतु पहुंचते हैं।


ऐसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान में उत्तर बस्तर एवं छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए सर्वोच्च अंक प्राप्त करना जिले और प्रदेश के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय माना जा रहा है।


डॉ. नाग की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं, युवा साथियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment