बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

0

कांकेर। कांकेर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों एवं नागरिकों में नाराजगी और भय का माहौल बना हुआ है। इसी को लेकर व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा को ज्ञापन सौंपकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

व्यापारियों ने बताया कि 26 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा शहर के मुख्य मार्ग स्थित कई दुकानों के पीछे लगे एसी पाइप, वायर और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। व्यापारियों ने मांग की कि बाजार क्षेत्रों, मुख्य मार्गों एवं दुकानों के आसपास पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएं ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा सके।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि रात के समय गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में नियमित निगरानी से चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम रह सके।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है तथा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

इस दौरान जिला पुलिस उत्तर बस्तर कांकेर द्वारा संचालित व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 की जानकारी भी व्यापारियों को दी गई। पुलिस प्रशासन ने अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाई जाए। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कांकेर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अनूप शर्मा सहित व्यापारियों को जागरूकता स्टिकर भी प्रदान किए गए, जिन्हें अपने प्रतिष्ठानों में लगाने की अपील की गई। ज्ञापन के बाद पुलिस टीम द्वारा बाजार क्षेत्र में पहुंचकर दुकानों और आसपास के क्षेत्रों की जानकारी भी जुटाई गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों में संतोष और भरोसे का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर सागर केशवानी, मो. असलम ईशानी, नितिन मोटवानी, लक्की केशवानी एवं विशाल मोटवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment