सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग को लेकर व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
कांकेर। शहर में मूलभूत नागरिक सुविधाओं की कमी को लेकर व्यापारियों एवं नागरिकों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी को लेकर व्यापारियों एवं नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक को ज्ञापन सौंपकर शहर में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की। शहर के कई प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं दुकानों के पीछे अंधेरा रहने के कारण असुरक्षा का माहौल बना रहता है, जिससे चोरी और असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से व्यापारियों, महिलाओं और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों ने मांग की कि मुख्य मार्गों, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और दुकानों के पीछे तत्काल प्रभाव से पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इसके साथ ही कांकेर शहर के नदी किनारे सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों ने बताया कि शहर में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विशेष रूप से कामकाजी महिलाओं, दुकानदारों, बाहर से आने वाले लोगों एवं आम नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका प्रशासन को यह भी अवगत कराया गया कि शहर के नदी किनारे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन वहां सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों ने कहा कि यह केवल सुविधा का नहीं बल्कि स्वच्छता और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए व्यापारियों एवं नागरिकों को आश्वस्त किया कि जल्द ही सार्वजनिक शौचालय निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष ने यह भी कहा कि शहर में जहां-जहां स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता है, वहां सर्वे कराकर शीघ्र नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
व्यापारियों एवं नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष की सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित मांगों पर अब शीघ्र कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यदि शहर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाएं विकसित होती हैं तो इससे आम जनता को राहत मिलेगी और शहर का वातावरण अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनेगा।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, विकास अंभोरे, मीरा सलाम, शकुंतला जैन एवं मंजू सारथी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारिक समुदाय और प्रशासन के संयुक्त प्रयास को शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, स्वच्छता बढ़ाने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

0 Comments
Post a Comment