कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली डम्प बरामद

0

कांकेर। कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सली मुक्त अभियान के तहत संयुक्त सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प को बरामद किया है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। बरामद सामग्री से साफ संकेत मिल रहे हैं कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता और सर्च अभियान के चलते उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोयलीबेड़ा एवं परतापुर क्षेत्र के घने जंगलों में संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को जंगल के भीतर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। तलाशी के दौरान रायफल के जिंदा राउंड, डेटोनेटर, टिफिन आईईडी, देशी पिस्टल, वायर, बैटरी सहित अन्य विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया गया। इसके अलावा नक्सलियों के उपयोग में आने वाले अन्य सामान भी सुरक्षा बलों ने कब्जे में लिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह संयुक्त कार्रवाई जिला पुलिस, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) एवं बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। अभियान के दौरान जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्चिग अभियान चलाया और बरामद सभी सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। बम डिस्पोजल टीम ने विस्फोटक सामग्री की जांच कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया भी अपनाई।

अधिकारियों के अनुसार, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नक्सली मुक्त अभियान के तहत सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा कायम रखी जा सके। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है और उनके नेटवर्क को कमजोर करने में सुरक्षा एजेंसियों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में नक्सली मुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में भी सर्च अभियान को और तेज किया जाएगा। क्षेत्र में सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

कांकेर-नारायणपुर सीमा पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से एक बार फिर सुरक्षा बलों ने साबित कर दिया है कि नक्सली मुक्त अभियान के तहत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment