भीषण गर्मी से बेहाल भालू अब पहुंच रहे रिहायशी इलाकों में कांकेर शहर के रामनगर में देर रात घर में घुसी मादा भालू, आम और फल खाकर शांतिपूर्वक लौटी जंगल की ओर
कांकेर। कांकेर जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और जंगलों में पानी तथा भोजन की कमी का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। वन क्षेत्रों में रहने वाले जंगली जानवर भोजन और पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। विशेष रूप से कांकेर जिले में इन दिनों भालुओं की गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं। गांवों के बाद अब शहर के मोहल्लों और घरों तक भालुओं की पहुंच होने लगी है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इसी बीच कांकेर शहर के रामनगर इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां देर रात एक मादा भालू मुख्य गेट फांदकर एक घर के अंदर घुस गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि भालू ने किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया और कुछ देर बाद शांतिपूर्वक वापस जंगल की ओर लौट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर स्थित एक मकान में रात लगभग 10 बजे अचानक मादा भालू पहुंच गई। उस समय घर के सदस्य भोजन करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। घर में रहने वाले किरायेदार रोशन साहू छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर घर परिसर में घूम रही मादा भालू पर पड़ी। भालू को देखते ही उन्होंने तत्काल नीचे मौजूद मकान मालकिन को इसकी सूचना दी।
बताया जा रहा है कि उस समय मकान के निचले हिस्से में मकान मालकिन अकेली थीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाई और घर के सभी दरवाजे एवं खिड़कियां बंद कर दीं। जानकारी के मुताबिक मादा भालू मुख्य गेट फांदकर घर के भीतर दाखिल हुई थी।
घर के आंगन और परिसर में कुछ देर तक घूमने के बाद भालू ने वहां रखे आम और अन्य फल खाए। इसके बाद वह बिना किसी तरह का नुकसान पहुंचाए शांत तरीके से वहां से बाहर निकल गई। घटना के दौरान घर में मौजूद लोग काफी डरे हुए थे, लेकिन सभी ने समझदारी दिखाते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखी, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
इस पूरी घटना का वीडियो भी घर में मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मादा भालू आराम से घर के भीतर घूम रही है और फल खाने के बाद वापस बाहर निकल जाती है। यह वीडियो अब इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांकेर जिले के कई इलाकों में इन दिनों भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। कई मामलों में भालू आक्रामक होकर लोगों पर हमला भी कर चुके हैं, जिसके कारण ग्रामीणों और शहरवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का मानना है कि जंगलों में लगातार बढ़ती गर्मी, जल स्रोतों का सूखना और भोजन की कमी के कारण जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं।
इधर नागरिकों ने वन विभाग से मांग की है कि शहर और गांवों में भालुओं की बढ़ती मौजूदगी को गंभीरता से लिया जाए। लोगों ने वन विभाग से रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखने और लोगों को सतर्क रहने संबंधी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जंगलों में पानी और भोजन की उपलब्धता कम होने पर जंगली जानवर अक्सर रिहायशी इलाकों की ओर आकर्षित होते हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि रात के समय घरों के आसपास खाने-पीने की वस्तुएं खुले में न रखें, अकेले बाहर न निकलें तथा किसी भी जंगली जानवर को देखकर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

0 Comments
Post a Comment