जामगांव में सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न, ग्रामीणों की मांगों का मौके पर हुआ निराकरण

0


नरहरपुर। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शुक्रवार को कांकेर जिले के विकासखंड नरहरपुर के ग्राम पंचायत जामगांव में 'सुशासन तिहार-2026' एवं 'बस्तर मुन्ने' अभियान के तहत विशाल शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर में प्रशासनिक अमले ने जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों की मांगें सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया।


शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्राम पंचायत जामगांव की सरपंच श्रीमती भगवती उइके ने बताया कि सुशासन तिहार का मुख्य लक्ष्य विभागीय मांगों और शिकायतों का प्रभावी, त्वरित और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना है। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, आयुष, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा, मछली पालन, सहकारिता, बिजली, लोक स्वास्थ्य, जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग और वन विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।



शिविर की एक मुख्य कड़ी स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर रहा। यहाँ डॉक्टरों की टीम ने जामगांव और आसपास के गांवों से आए बड़ी संख्या में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। वहीं, व्यवस्था को सुचारू बनाने और जनसंवाद को बेहतर करने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम भी शिविर में सक्रिय रूप से मौजूद रही।


ग्राम पंचायत सचिव हीरा राम नेताम ने उपस्थित ग्रामीणों को 'सुशासन त्योहार-2026' के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे ग्रामीण इस अभियान का लाभउठाकर अपनी समस्याओं को शासन के समक्ष रख सकते हैं। जामगांव क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों ने विकास कार्यों और व्यक्तिगत मांगों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत किए।


इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचों, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर वन विभाग के कर्मचारी व अधिकारी, पटवारी, सचिव, सहायक सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मितानिनों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शिविर को सफल बनाया। सभी विभागों की मौजूदगी से ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment