गोटियावाही-बासपानी-सिहावा मार्ग की जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, हर समय हादसे का बना रहता है खतरासिहावा

0

सिहावा। गोटियावाही से बासपानी होते हुए सिहावा तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बेहद जर्जर और बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि इस मार्ग से आने-जाने वाले ग्रामीणों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई सड़क और खराब निर्माण के कारण सफर करना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। खासकर रात के समय और बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्डों में पानी भर जाने से सड़क और गड्डों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने जरूरी कामों के लिए आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण लोगों को सफर के दौरान जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है। कई बार वाहन फिसलने और अनियंत्रित होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इस खराब सड़क का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। इसी मार्ग से रोजाना स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को गड्डों और खराब रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। कई बार बच्चों को स्कूल पहुंचने में देरी होती है, वहीं अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गोटियावाही-बासपानी-सिहावा मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कर सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क सुधार कार्य नहीं कराया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment