पखांजूर : राशन के लिए दर-दर भटक रहे ग्रामीण, नेटवर्क समस्या से तीन माह से बाधित हो रहा वितरण।
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*भानुप्रतापपुर*
ग्राम पंचायत पड़ेगा के ग्रामीणों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन प्राप्त करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में मोबाइल नेटवर्क की समुचित उपलब्धता नहीं होने के कारण ई-पॉस मशीन में ऑनलाइन सत्यापन नहीं हो पा रहा है, जिससे हितग्राहियों को राशन लेने के लिए करीब आठ किलोमीटर दूर जाकर फिंगरप्रिंट सत्यापन कराना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन माह से वे राशन प्राप्त करने के लिए लगातार परेशान हो रहे हैं। पहले उन्हें आठ किलोमीटर की दूरी तय कर बायोमेट्रिक सत्यापन कराना पड़ता है, उसके बाद ही राशन मिल पाता है। इस प्रक्रिया के कारण लोगों का समय और धन दोनों व्यर्थ हो रहा है। साथ ही उन्हें अपने घरेलू कार्यों एवं खेती-किसानी के महत्वपूर्ण कार्यों को छोड़कर राशन के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित उच्च अधिकारियों से की गई, किंतु अब तक समस्या के निराकरण के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उनका कहना है कि जब गांव में नेटवर्क की पर्याप्त व्यवस्था ही नहीं है, तब ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से राशन वितरण करना व्यावहारिक नहीं है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि राशन दुकान को पुनः ऑफलाइन व्यवस्था से संचालित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें सहज एवं सुगमता से राशन उपलब्ध हो सके।
वहीं, राशन दुकान संचालक निर्मल दास ने भी स्वीकार किया कि नेटवर्क बाधित रहने के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक कर पाता है।

0 Comments
Post a Comment