भरत तिवारी हत्याकांड को लेकर ब्राह्मण समाज ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट
भानुप्रतापपुर
बिहार में हुई भरत तिवारी की हत्या के विरोध में सर्व ब्राह्मण समाज भानुप्रतापपुर द्वारा महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बिहार में अन्याय, अत्याचार, शोषण और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले भरत तिवारी की पुलिस वालों द्वारा गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई, जिसका समाज ने कड़ा विरोध किया है। समाज के सदस्यों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने वाले व्यक्ति की इस प्रकार हत्या किया जाना अत्यंत निंदनीय एवं चिंताजनक है।
सर्व ब्राह्मण समाज भानुप्रतापपुर ने राष्ट्रपति से मांग की है कि भरत तिवारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा घटना में शामिल दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही मृतक के परिवार को न्याय दिलाने एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

0 Comments
Post a Comment