मुख्य नगर पालिका अधिकारी तिल्दा नेवरा ने शहर को अपना घर समझते हुए स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की
गोवर्धन यदु तिल्दा नेवरा*
नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अभिताभ शर्मा ने नगर के समस्त नागरिकों से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहर के निर्माण में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। आज नगर पालिका द्वारा घर-घर जाकर कचरा संग्रहण की व्यवस्था की गई है तथा स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन प्रत्येक घर से कचरा एकत्रित कर रही हैं। इसके बावजूद कुछ नागरिक घरेलू कचरा, प्लास्टिक, डिस्पोजल सामग्री, निर्माण मलबा एवं अन्य अपशिष्ट नालियों एवं सड़कों पर फेंक देते हैं, जिससे नालियां जाम हो जाती हैं तथा जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। यही जलभराव आगे चलकर मच्छरों एवं विभिन्न बीमारियों के प्रसार का प्रमुख कारण बनता है।
उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर चिंतन का विषय है कि शहर में कचरा नागरिकों द्वारा फैलाया जाता है,।" यदि सभी नागरिक अपने घरों से निकलने वाले कचरे को केवल नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन को ही दें तथा नालियों एवं सड़कों में कचरा न डालें, तो हमारा शहर, सड़कें एवं मोहल्ले स्वतः ही स्वच्छ एवं सुंदर दिखाई देंगे तथा नागरिकों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि विगत दिनों समाचार पत्रों में प्रकाशित विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए वे स्वयं प्रतिदिन प्रातःकाल साइकिल से नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर रहे हैं। भ्रमण के दौरान जहां भी नालियां अवरुद्ध पाई जा रही हैं अथवा सड़कों पर निर्माण सामग्री एवं मलबा डंप पाया जा रहा है, वहां तत्काल सफाई एवं हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जा रही है।
नगर के प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी प्रतिदिन सुबह वार्डों का निरीक्षण कर नालियों एवं सड़कों की सफाई व्यवस्था, अवैध निर्माण, अवैध नल कनेक्शन तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा कर रहे हैं तथा अपनी दैनिक निरीक्षण रिपोर्ट मुख्य नगर पालिका अधिकारी को प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त सभी नोडल अधिकारियों का एक व्हाट्सएप समूह भी बनाया गया है, जिसमें वे प्रतिदिन अपने क्षेत्रीय निरीक्षण एवं कार्यवाही के फोटो साझा करते हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने जानकारी दी कि विगत एक माह में लगभग 100 व्यक्तियों को सड़क पर मलबा डालने, नालियां जाम करने तथा बिना अनुमति भवन निर्माण करने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 950 अवैध नल कनेक्शनों की पहचान की गई है। ऐसे कनेक्शनों को विच्छेदित करने की कार्रवाई 25 मई से प्रारंभ कर दी गई है तथा 01 जून से यह अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अपने अवैध जल कनेक्शनों को नियमित कराएं अथवा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।
संपत्ति कर संबंधी शिकायतों के विषय में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर पालिका को अनेक भवन स्वामियों द्वारा संपत्ति कर निर्धारण संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। ऐसे सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे नगर पालिका कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनकी शिकायतों का विधिवत परीक्षण एवं निराकरण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में ऐसे अनेक भवन चिन्हित किए गए हैं, जिनका नामांतरण अथवा संपत्ति कर निर्धारण नहीं कराया गया है। साथ ही कुछ प्रकरणों में गलत जानकारी प्रस्तुत कर कम कर निर्धारण कराने की शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। ऐसे मामलों की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर 5 गुना अधिभार वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि वे प्रतिदिन प्रातःकालीन वार्ड भ्रमण के दौरान नागरिकों से सीधे संवाद कर शहर के विकास, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में सुझाव प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में शीघ्र ही "नुक्कड़ पर चर्चा" अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं सामाजिक संगठनों के साथ वार्ड स्तर पर चर्चा कर क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सभी नागरिकों से पुनः आग्रह किया कि वे अपने शहर को अपना घर समझते हुए स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा नालियों एवं सड़कों पर न डालें, निर्माण सामग्री सार्वजनिक स्थानों पर न रखें तथा नगर पालिका के स्वच्छता एवं विकास अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
"स्वच्छ तिल्दा-नेवरा, स्वस्थ तिल्दा-नेवरा और विकसित तिल्दा-नेवरा का संकल्प हम सबके सहयोग से ही पूरा होगा।

0 Comments
Post a Comment