धौराभाठा - विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

0

नरहरपुर। नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भनसुली स्थित धौराभाठा रंगमंच परिसर में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणें, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार के अभियान "एक पेड़ माँ के नाम" के तहत पौधारोपण कर किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखरेख का संकल्प लिया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण हेतु अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी रक्षा करने की शपथ ली।

संयुक्त वन प्रबंधन समिति धौराभाठा के अध्यक्ष श्री रामलाल कावड़े ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, जल संकट और वनों की कटाई मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। वहीं वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री सुदर्शन नेताम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने और अपने आसपास अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय आदिवासी परंपरा एवं संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं एवं ग्रामीण महिलाओं ने आमागोही, तेंदू टोरी तथा अन्य पारंपरिक वन उत्पादों एवं सांस्कृतिक प्रतीकों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाकर प्रकृति और आदिवासी जीवन के गहरे संबंध को प्रदर्शित किया। यह प्रदर्शनी उपस्थित लोगों के आकर्षण का केंद्र रही तथा स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ ली। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण का संदेश प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

उक्त कार्यक्रम का आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिनांक 5 जून 2026 को श्री रौनक गोयल, वनमंडल अधिकारी कांकेर एवं श्री आर.एस. मरकाम, उपवनमंडलाधिकारी कांकेर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्रकृति संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संयुक्त वन प्रबंधन समिति धौराभाठा के अध्यक्ष श्री रामलाल कावड़े, ग्राम पंचायत धौराभाठा की सरपंच श्रीमती पियरबत्ती नेताम, भूतपूर्व सरपंच श्री महेश नेताम, ग्राम प्रमुख श्री कोमल देव मरकाम, ग्राम पंचायत भनसुली के सरपंच प्रतिनिधि श्री रवि कुंजाम, वन परिक्षेत्र अधिकारी नरहरपुर श्री सुदर्शन नेताम, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी जामगांव श्री गैंद ध्रुव, प्रवीण सिन्हा, सुखराम पोया, मनोज यादव, सूर्यकांत नेताम, हितेंद्र बैस, जीवन सलाम सहित महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment