जामगांव में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के सेवा सप्ताह के अंतर्गत विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न, 100 से अधिक ग्रामीणों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

0
नरहरपुर। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, छत्तीसगढ़ प्रांत के तत्वावधान में सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिला स्तरीय निःशुल्क विशाल स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन शनिवार, 11 जुलाई 2026 को नरहरपुर तहसील के ग्राम जामगांव स्थित बाजार स्थल रंगमंच भवन में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाया। साथ ही आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण, निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर लोगों को स्वच्छ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा रोगों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।

शिविर में डॉ. नरेश वर्मा (मेडिसिन विभाग), डॉ. अमन गोयल (अस्थि रोग विभाग), डॉ. मनीष साहू (ईएनटी विभाग) एवं डॉ. मनीष जांगड़े (दंत चिकित्सक) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनके साथ श्री लोचन पात्र एवं श्री मनोज मरकाम (टेक्नीशियन), श्री अमरदेव गुरला (स्टाफ नर्स), श्री अश्विनी सिन्हा (वाहन चालक), श्री जलन मौर्य एवं श्री सूरजभान सिन्हा (वार्ड बॉय) तथा श्री शिव यादव (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) ने भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। शिविर के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक औषधियों एवं एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी।

स्वास्थ्य शिविर के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में बजरंग दल के प्रांत संयोजक शुभम नाग, विभाग मंत्री उत्तर बस्तर अखिलेश चंद्रौल, जिला मंत्री मुन्ना चौलेंदर तिवारी, जिला संयोजक प्रदीप साहू, मातृशक्ति संयोजिका उमा प्रधान, जिला सह मंत्री धर्मेंद्र सुरोजिया, प्रखंड संयोजक आलोक कौशिक, प्रखंड मंत्री मनीष बघेल, प्रखंड सह संयोजक भक्त प्रह्लाद साहू, हिमांशु तिवारी, सतीश राठौर, भावेश राठौर, धीरेंद्र कडोपी, राजेश सुरोजिया, तथा दुर्गा वाहिनी की प्रखंड सह संयोजिका बहन प्रतिभा राठौर एवं भागना सिन्हा सहित विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, प्रशासन, सहयोगी कर्मचारियों तथा ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी सेवा सप्ताह के माध्यम से समाजहित एवं जनकल्याण के ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment