अस्पताल के पास चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 जुआरी गिरफ्तार, 5.96 लाख रुपये का सामान जब्त

0

चारामा। कांकेर जिले के चारामा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, दो कार, तीन मोटरसाइकिल, नौ मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और अन्य सामग्री सहित कुल 5,96,510 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि चारामा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के पास बने एक शेड में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना चारामा पुलिस एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमार कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवदत्त निषाद, देवेंद्र कुमार सेन, खेमलाल गजेंद्र, वीरेंद्र मेश्राम, देवप्रसाद उईके, इंद्रजीत रामटेके, ईश्वर नेताम, प्रकाश सिन्हा, डी. के. बंछोर, गोविंद जुरी, महेंद्र निषाद और अरुण मंडावी शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31,510 रुपये नकद, दो कार, तीन मोटरसाइकिल, नौ मोबाइल फोन, ताश के 52 पत्ते और एक चटाई जब्त की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 5,96,510 रुपये बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में थाना चारामा पुलिस एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment