कांकेर में वन विभाग की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर 3 आरोपी गिरफ्तार

0

कांकेर। कांकेर जिले में वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर 18 जुलाई 2026 को वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर वन परिक्षेत्र कांकेर की टीम ने त्वरित जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(20), 9, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत प्रकरण दर्ज कर रविवार, 19 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

वन विभाग के अनुसार वायरल वीडियो की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में श्लोक जायसवाल (19 वर्ष), पिता प्रदीप जायसवाल, निवासी ठेलकाबोड़ (कांकेर), कुनाल टेकाम (27 वर्ष), पिता निपेंद टेकाम, निवासी अलबेलापारा (कांकेर) तथा आकाश भोजवानी (30 वर्ष), पिता ईश्वर भोजवानी, निवासी बागोडार शामिल हैं।

गौरतलब है कि कांकेर जिले में वन्यजीवों से जुड़े मामले में यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी वन विभाग ने एक अन्य मामले में पांच आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि वन्यजीवों के शिकार, अवैध गतिविधियों और वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वन विभाग अब पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार, अवैध परिवहन, वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने अथवा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी वन्यजीवों से संबंधित कोई संदिग्ध या अवैध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment