गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय भव्य बैठक सम्पन्न, 27 जुलाई के विशाल हस्ताक्षर अभियान की बनी व्यापक कार्ययोजना

0
कांकेर| 19 जुलाई 2026 गौ माता को "राष्ट्र माता" का सम्मान दिलाने तथा पूरे भारत में मजबूत, एकसमान और प्रभावी गोरक्षा कानून लागू करने की जनभावना को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित "गौ सम्मान आह्वान अभियान" के अंतर्गत रविवार को गायत्री मंदिर, अन्नपूर्णा पारा, कांकेर में एक भव्य जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक जिला प्रभारी श्री सोनसाय साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें जिले के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों, गौ भक्तों, गौ सेवा आयोग के सदस्यों, समाज प्रमुखों, संतजनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का शुभारंभ भारत माता, गायत्री माता, गौ माता एवं पूज्य संतों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने गौ माता के संरक्षण एवं सम्मान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। प्रारंभिक उद्बोधन में अभियान के उद्देश्य, स्वरूप तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में जिला प्रभारी श्री सोनसाय साहू ने अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत मार्गदर्शन देते हुए कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण का यह अभियान जन-जन का अभियान बने, इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने 27 जुलाई को आयोजित होने वाले विशाल हस्ताक्षर अभियान को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
               बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी श्री सोनसाय साहू ने कहा कि "गौ सम्मान आह्वान अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्रीय अस्मिता को सशक्त बनाने का जनआंदोलन है। गौ माता भारतीय सभ्यता का आधार रही हैं। हमारी संस्कृति में उन्हें मातृस्वरूप माना गया है। इसलिए गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाना केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के सम्मान का प्रश्न भी है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान से जुड़े और जन-जन तक यह संदेश पहुँचाए कि गौ संरक्षण का अर्थ केवल गौवंश की रक्षा नहीं, बल्कि भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यावरण, जैविक खेती और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा भी है। उन्होंने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें। श्री साहू ने कहा कि 27 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाला विशाल हस्ताक्षर अभियान इस जनजागरण अभियान का महत्वपूर्ण चरण है। इस अभियान के माध्यम से देशभर के नागरिकों की भावनाओं को लोकतांत्रिक तरीके से एकत्रित कर संबंधित मंचों तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान जितना व्यापक होगा, समाज की भावना उतनी ही प्रभावी ढंग से सामने आएगी। अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड, नगर, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर अलग-अलग टोली बनाकर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक टोली घर-घर जाकर लोगों को अभियान की जानकारी देगी तथा अधिक से अधिक हस्ताक्षर एकत्र करेगी। इसके साथ ही धार्मिक आयोजनों, साप्ताहिक बाजारों, मंदिर परिसरों, सामाजिक कार्यक्रमों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी हस्ताक्षर अभियान संचालित किया जाएगा। विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। प्रचार-प्रसार समिति, मीडिया समन्वय समिति, जनसंपर्क समिति, हस्ताक्षर संग्रह समिति, मंच व्यवस्था समिति, स्वयंसेवक समिति तथा कार्यक्रम संचालन समिति का गठन कर अलग-अलग जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गईं। सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
                                 इस अवसर पर बिसलाल कोडोपी अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख जिला कांकेर, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, चेम्बर्स ऑफ़ कॉमर्स अध्यक्ष अनूप शर्मा, ललित गाँधी, संतोष यादव, दिनेश सिन्हा, वीरेंद्र यादव, अशोक यादव, जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल के जनपद सभापति श्री विकास राजू नायक, महेन्द्र क्षत्रीय, डॉ. अशोक नाग, राजेंद्र सलाम, सोहन लाल साहू सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने गौ माता को भारतीय संस्कृति, आस्था एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गौ माता को "राष्ट्र माता" का सम्मान दिलाने और प्रभावी गोरक्षा कानून की मांग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसमर्थन आवश्यक है। सभी ने 27 जुलाई को आयोजित होने वाले विशाल हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के लिए घर-घर जनसंपर्क करने, अधिक से अधिक हस्ताक्षर एकत्रित करने तथा समाज के हर वर्ग को इस जनजागरण अभियान से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया। किसी भी बड़े सामाजिक अभियान की सफलता केवल कुछ व्यक्तियों के प्रयासों से संभव नहीं होती, बल्कि समाज की सामूहिक सहभागिता ही उसे जनआंदोलन का स्वरूप देती है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से आग्रह किया कि वे संगठनगत सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित एवं संस्कृति संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएँ। अभियान का प्रचार सोशल मीडिया, जनसंपर्क यात्राओं, पंपलेट वितरण, पोस्टर, बैनर तथा व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से व्यापक स्तर पर किया जाएगा, ताकि जिले का कोई भी नागरिक इस अभियान की जानकारी से वंचित न रहे। विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में यह आग्रह भी किया गया कि जिला एवं ब्लॉक स्तर के सभी गौ भक्त अपने साथ हस्ताक्षरयुक्त पत्रक अनिवार्य रूप से लेकर आएँ तथा उन्हें अभियान समिति के पास जमा करें, जिससे 27 जुलाई के मुख्य कार्यक्रम में जिले का व्यापक जनसमर्थन प्रदर्शित किया जा सके। वक्ताओं ने कहा कि भारत की संस्कृति में गौ माता को करुणा, सेवा, समृद्धि और प्रकृति के संरक्षण का प्रतीक माना गया है। गौ आधारित कृषि, जैविक खेती, पंचगव्य चिकित्सा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौवंश की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। इसलिए गौ संरक्षण का विषय समाज, संस्कृति और पर्यावरण तीनों से जुड़ा हुआ है। इस अवसर पर जिले के समस्त समाज प्रमुख, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गौ सेवा आयोग (जिला एवं तहसील समिति), गायत्री परिवार, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच, शिवसेना, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), एकल अभियान, पतंजलि योग समिति, चैंबर ऑफ कॉमर्स, विभिन्न मंदिर समितियों के पदाधिकारी, व्यापारी, किसान, कर्मचारी, निजी विद्यालय समिति, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गौ भक्त उपस्थित रहे।
                  बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि 27 जुलाई 2026 को आयोजित विशाल हस्ताक्षर अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए जिले के प्रत्येक गांव, प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक परिवार तक पहुँचा जाएगा। सभी ने अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुँचाने, अधिकाधिक हस्ताक्षर एकत्र करने तथा भारतीय संस्कृति और गौ संरक्षण के इस जनजागरण अभियान को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन गौ माता का सम्मान—राष्ट्र का स्वाभिमान जय गौ माता एवं जय भारत के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रभारी श्री सोनसाय साहू के मार्गदर्शन एवं समाज के व्यापक सहयोग से यह अभियान जिले में एक ऐतिहासिक जनआंदोलन का रूप लेगा और 27 जुलाई का विशाल हस्ताक्षर अभियान अभूतपूर्व जनभागीदारी के साथ सफल होगा।  कार्यक्रम का सफल संचालन अभियान समिति द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. अशोक नाग ने किया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अतिथियों, समाज प्रमुखों, गौ भक्तों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों एवं मीडिया के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी से 27 जुलाई के विशाल हस्ताक्षर अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया। बैठक में जिले भर से बड़ी संख्या, निर्मला नेताम, पदमनी साहू, चित्ररेखा मीनपाल, पुनम ओझा, सरिता कुलदीप, मीना साहू, वर्षा रजक, सविता मरकाम, कविता हिचामी, कुड्डी कावड़े, भगवती महावीर, गोपाल पांडे, भावेश आरदे, योगेश रजक, अखिलेश चंदरौल, योगेश जैन, विशाल गुप्पा, तरुण देवांगन, कुंवर रुद्रप्रताप सिंह में गौ भक्त, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, गौ सेवा आयोग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार तथा विभिन्न संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment