विश्रामपुर नकटी में गूंजे जस गीत, मंत्री टंकराम वर्मा ने किया मां महामाया शीतला मंदिर का लोकार्पण, लाखों की दी सौगात
*गोवर्धन यदु तिल्दा-नेवरा*
आस्था, भक्ति और विकास का संगम शुक्रवार को तिल्दा के समीपस्थ ग्राम पंचायत विश्रामपुर नकटी में देखने को मिला। यहां वर्षों की मेहनत और ग्रामीणों के सहयोग से बने *मां महामाया शीतला मंदिर* का भव्य लोकार्पण प्रदेश के मंत्री *टंकराम वर्मा* के कर कमलों से संपन्न हुआ। लोकार्पण के साथ ही पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया। मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक जस गीतों से हुई। स्थानीय महिलाओं और कलाकारों ने मां शीतला की महिमा का गुणगान किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में दूर-दराज से आए श्रद्धालु और ग्रामीणजन इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
लोकार्पण के पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि धर्म और विकास एक साथ चलते हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचे और साथ ही हमारी संस्कृति और आस्था भी संरक्षित रहे। इसी कड़ी में उन्होंने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं जिसमें शीतला मंदिर पहुंच तक सीसी रोड वही अहाता निर्माण की घोषणा की गई। मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीतला मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर की सुरक्षा और सुंदरता के लिए आहाता भी बनाया जाएगा। मंदिर के रख-रखाव और भावी विस्तार के लिए लाखों रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी उन्होंने मंच से की। साथ ही क्षेत्र में समाज सेवा का कार्य कर रही दो सेवा समितियों को भी आर्थिक सहयोग प्रदान करने की बात कही। वही एक पेड़ मां के नाम से वृक्षरोपण किया गया
मंत्री वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मां शीतला इस क्षेत्र की कुलदेवी हैं और उनकी कृपा से ही गांव में सुख-शांति बनी रहती है। इस नए मंदिर के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था को बल मिलेगा, बल्कि आसपास के गांवों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह स्थान धार्मिक पर्यटन के रूप में भी विकसित होगा जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गरिमामय बना दिया। समारोह में पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल, ग्राम पंचायत की सरपंच ममता राकेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद के साथ ही नरसिंह वर्मा, भाजयुमो के महामंत्री रामेश्वर साहू, अनिल नायक, जनपद सदस्य लालिनी ध्रुव सहित सुदर्शन वर्मा, भारत वर्मा मानपुर, शंकर वर्मा, हर्ष वर्मा, अनिल वर्मा, अजीत वर्मा, आकाश सिरमौर, सोमनाथ पैकरा, शैलेन्द्र ध्रुव और विशाल वर्मा बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मंदिर निर्माण समिति और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने मंत्री की घोषणाओं का तालियों से स्वागत किया और कहा कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था और एकता का प्रतीक बनेगा।

0 Comments
Post a Comment