350 सीसीटीवी फुटेज से खुला मंदिर चोरी का बड़ा राज, कई जिलों में वारदात करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के चोरी किये आभूषण बरामद

0
गौरव शोरी।
मंगलवार 14 जुलाई 2026 

कांकेर। कांकेर पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कांकेर, धमतरी और बस्तर संभाग के विभिन्न मंदिरों में सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर एवं आदतन चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से मंदिरों से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, पूजा सामग्री तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की रात कांकेर शहर स्थित श्री बड़ी शीतला माता मंदिर में अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, करधन, बिछिया, सोने की नथ, मंगलसूत्र सहित अन्य धार्मिक आभूषण तथा दानपेटी से लगभग 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2.47 लाख रुपये आंकी गई थी। घटना के बाद शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू एवं साइबर सेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश सिन्हा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर और रायपुर सहित विभिन्न स्थानों पर लगे लगभग 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हरेन्द्र गुप्ता (20 वर्ष), निवासी कोंडागांव को जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले मंदिरों की रेकी करता था। जहां सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती और रात के समय सुनसान रहता, वहां ताला तोड़कर दानपेटी की नकदी तथा देवी-देवताओं के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेता था। आरोपी ने कांकेर, धमतरी और जगदलपुर सहित कई मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। उसने यह भी बताया कि चोरी की रकम को वह घूमने-फिरने, खाने-पीने और जुआ खेलने में खर्च करता था। चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को रायपुर में बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर उन्हें छिपाकर जगदलपुर चला गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, करधन, बिछिया, मंगलसूत्र, अन्य धार्मिक आभूषण, नकदी तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी अन्य जिलों से भी जुटाई जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि उसने और किन-किन मंदिरों को अपना निशाना बनाया था।

कांकेर पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के माध्यम से इस अंतरजिला मंदिर चोरी की पूरी श्रृंखला का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थों की तस्करी, साइबर धोखाधड़ी, वित्तीय अपराध अथवा किसी भी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने निकटतम पुलिस थाना, डायल 112 या कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कांकेर पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment