नरहरपुर में ‘उजियारा अभियान’ के तहत पुलिस की कार्रवाई, 7 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार

0

नरहरपुर। कांकेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "उजियारा अभियान" के तहत अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नरहरपुर पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अमोडा में दबिश देकर एक महिला को 7 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमोडा में एक महिला द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना नरहरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए यशोदा नेताम (40 वर्ष) के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 700 रुपये है, बरामद कर जब्त की।

पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थों की तस्करी, साइबर धोखाधड़ी, वित्तीय अपराध अथवा किसी भी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने निकटतम पुलिस थाना, डायल 112 या कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। कांकेर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment