सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर नरहरपुर थाना परिसर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

0

गौरव शोरी, नरहरपुर
सोमवार 13 जुलाई 2026

नरहरपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में कांकेर पुलिस द्वारा जिलेभर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना नरहरपुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी नरहरपुर श्री सोमेश सिंह बघेल सहित थाना नरहरपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्यारी सलाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोमन सिंह कावड़े, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री दिनेश पटेल, पार्षद श्रीमती रंगीता उइके, श्रीमती अनीता यादव, श्री भागवत शोरी, श्रीमती गीता बेसरा तथा श्री मुकेश संचेती सहित नगर के अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनजागरूकता को बढ़ावा देने की शपथ ली। साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण देने की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे जनभागीदारी वाले कार्यक्रम समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, वित्तीय अपराध अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाना, डायल 112 अथवा कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा कांकेर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment