48 घंटे में सेंधमारी और चोरी का भंडाफोड़ कांकेर पुलिस ने आदतन चोर को गिरफ्तार कर स्कूटी सहित चोरी का सामान किया बरामद
कांकेर। कांकेर पुलिस ने सेंधमारी और चोरी के एक मामले का महज 48 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक भंडाफोड़ करते हुए एक आदतन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बर्गमैन स्कूटी सहित बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। आधुनिक साइबर तकनीक, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को प्रार्थी राजा ठाकुर ने थाना कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात चोर ने उनकी राजा किराना एंड डेली नीड्स दुकान का शटर तोड़कर गुटखा, सिगरेट, खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। साथ ही दुकान के सामने खड़ी बर्गमैन स्कूटी (क्रमांक CG 19 BT 5261) भी चोरी कर फरार हो गया। शिकायत पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) दिनेश कुमार सिन्हा तथा एसडीओपी मोहसिन खान के मार्गदर्शन में थाना कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीकी विश्लेषण एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने सुखराम मंडावी (19 वर्ष), निवासी नहरपारा, थाना एवं जिला कोंडागांव की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के सामने उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने पहले प्रार्थी के घर की कुंडी बाहर से बंद कर दी, फिर लोहे की रॉड से दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गुटखा, सिगरेट, रिफाइंड तेल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद दुकान के भीतर रखी चाबी से बर्गमैन स्कूटी लेकर जंगल में छिपा दी। चोरी का सामान भी अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर बाद में बेचने की योजना बनाई थी।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई बर्गमैन स्कूटी तथा चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। बरामद सामग्री में 32 पैकेट राजश्री गुटखा, 5 पैकेट राजनिवास गुटखा, 22 पैकेट आशिकी गुटखा, एबीएस रिफाइंड तेल के 2 डिब्बे, 19 पैकेट गोल्ड फ्लेक सिगरेट तथा बर्गमैन स्कूटी (CG 19 BT 5261) शामिल है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

0 Comments
Post a Comment