ब्रेहबेड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में 5 किलो का प्रेशर कुकर IED बरामद, बीडीएस टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय

0

कांकेर। कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ब्रेहबेड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लगभग 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया। बीडीएस (बम निष्क्रिय दस्ता) की टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए मौके पर ही IED को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा बीएसएफ की 94वीं वाहिनी बांदे के द्वितीय कमान अधिकारी (2IC) एवं प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 21 जुलाई 2026 को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम ब्रेहबेड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस बल, बीएसएफ तथा बीडीएस टीम द्वारा संयुक्त रूप से सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को जमीन में छिपाकर रखा गया लगभग 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED बरामद हुआ।

IED मिलने के बाद बीडीएस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही विस्फोटक को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया, जिससे किसी भी संभावित जनहानि या सुरक्षा बलों को नुकसान की आशंका टल गई।

इस अभियान में बीएसएफ 94वीं वाहिनी बांदे के सहायक कमांडेंट सतेन्दर मोहन, उपनिरीक्षक कुलवंत सिंह तथा बीएसएफ बीडीएस टीम के कमांडर उपनिरीक्षक रोशन लाल मीणा सहित जिला पुलिस और बीएसएफ के जवान शामिल रहे।

कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बल क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment