समाज कल्याण विभाग की 'क्षितिज अपार योजना' से दिव्यांग विद्यार्थियों का सम्मान, कलेक्टर ने दी प्रोत्साहन राशि

0

कांकेर। छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित 'क्षितिज अपार योजना' के अंतर्गत जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने होनहार विद्यार्थियों का सम्मान करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा सांकेतिक चेक वितरित किए।

समारोह में कलेक्टर ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ-साथ उच्च शिक्षा में अध्ययनरत तथा सिविल सेवा की प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा अथवा अंतिम रूप से चयनित दिव्यांग अभ्यर्थियों को पात्रता के अनुसार एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

इसी क्रम में जिले के यश कुमार, जिन्होंने कक्षा 10वीं में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, उन्हें 5 हजार रुपये, सत्र 2025-26 में कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली कु. समरिका नेताम को 5 हजार रुपये तथा उच्च शिक्षा में अध्ययनरत कु. दीपिका को 6 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया।

उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती क्षमा शर्मा ने बताया कि 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कक्षा पहली से महाविद्यालय स्तर तक छात्रवृत्ति के साथ-साथ क्षितिज अपार योजना के अंतर्गत पात्रता अनुसार एकमुश्त प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थी अपने संबंधित विद्यालय अथवा महाविद्यालय के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। समाज कल्याण विभाग ने पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment