योग के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश, योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने दिलाई शपथ

0
कांकेर। छत्तीसगढ़ शासन योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान कांकेर जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न संस्थाओं का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष विद्यालय कोदाभाट एवं गोविंदपुर स्थित कल्याणी नशामुक्ति केंद्र पहुंचकर योग, ध्यान और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।

विशेष विद्यालय कोदाभाट पहुंचने पर दिव्यांग विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किया गया आकर्षक रेखाचित्र भेंट किया तथा गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए श्री अग्रवाल ने उन्हें नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला है तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम भी है।

इसके पश्चात श्री अग्रवाल गोविंदपुर स्थित कल्याणी नशामुक्ति केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाररत लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने सभी को प्रतिदिन योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने, नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक क्षमा शर्मा, आशीष शोरी, राजकुमार पटेल, सीता नाग, गंगा नेताम सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment