धमतरी में अब तक की सबसे बड़ी अवैध शराब जब्ती 53 पेटी शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना अर्जुनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 पेटी अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 458 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 लाख 23 हजार 680 रुपये आंकी गई है। इसे जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अर्जुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को ग्राम धौराभाठा में घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिलानंद साहू उर्फ गोलू (33 वर्ष), पिता ईश्वर साहू एवं कमलेश साहू (32 वर्ष), पिता कोमल साहू, दोनों निवासी ग्राम धौराभाठा, थाना अर्जुनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 पेटी देशी प्लेन 'शोले' शराब (1,920 पौवा/345.600 लीटर), 5 पेटी देशी मसाला 'शोले' शराब (240 पौवा/43.200 लीटर) तथा 8 पेटी जम्मू व्हिस्की (384 पौवा/69.120 लीटर) जब्त की। इस प्रकार कुल 53 पेटियों में 2,544 पौवा अर्थात लगभग 458 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
इस मामले में थाना अर्जुनी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक, ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अवैध शराब की सप्लाई चेन, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। ऐसे सभी लोगों के विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि धमतरी जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत गोपनीय रखी जाएगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

0 Comments
Post a Comment