धमतरी पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर बड़ा एक्शन, कुरूद और सिहावा से दो आरोपी गिरफ्तार

0

धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ धमतरी पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुरूद और थाना सिहावा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में अवैध शराब के साथ बिक्री की नकद राशि जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चारमाठा पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मुरारी दास वैष्णव (54 वर्ष), निवासी परसवदा, थाना कुरूद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 17 पाव देशी मसाला शराब (करीब 3.06 लीटर) तथा बिक्री की नकद राशि सहित लगभग ₹2,000 मूल्य की सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत अपराध क्रमांक 220/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।

वहीं, थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम रानीगांव स्थित मानस मंच के पास कार्रवाई करते हुए मनीष मरकाम, पिता स्वर्गीय सुखराम मरकाम, निवासी रानीगांव को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री की नकद राशि सहित लगभग ₹750 मूल्य की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत अपराध क्रमांक 55/26 दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment