कांकेर पुलिस ने जियो टॉवर बैटरी चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, जियो कर्मचारी समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
*49 बैटरियां, 311 बैटरी बॉक्स, भारी मात्रा में मेटल व ₹41 हजार नकद बरामद, कांकेर और नारायणपुर के कई मामलों का खुलासा*
कांकेर। कांकेर जिले में पिछले कई महीनों से जियो मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कांकेर पुलिस ने अंतरजिला बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जियो कंपनी के एक कर्मचारी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 49 जियो टॉवर बैटरियां, 311 खाली बैटरी बॉक्स, बैटरियों से निकाला गया भारी मात्रा में मेटल, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा ₹41 हजार नकद बरामद किए गए हैं। इससे पहले इसी गिरोह से रावघाट पुलिस 72 बैटरियां भी बरामद कर चुकी है।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर तथा एसडीओपी अंतागढ़ शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया और रावघाट थाना क्षेत्रों में दर्ज बैटरी चोरी के मामलों की गहन जांच की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के आधार पर पुलिस ने आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम किसकोड़ो स्थित जियो टॉवर से बैटरी चोरी के मामले में माखन तुमरेटी और देवराज बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने साथियों एली मसीह, राजेश यादव सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया, रावघाट तथा नारायणपुर जिले के सोनपुर क्षेत्र में स्थित जियो मोबाइल टावरों को निशाना बनाया। चोरी की गई बैटरियों को दल्लीराजहरा के कबाड़ी राजेश नेताम और अंकित कुमार जैन को बेचा जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह को जियो कंपनी के एक कर्मचारी का सहयोग प्राप्त था, जिसकी भूमिका भी पुलिस जांच में उजागर हुई।
पुलिस के अनुसार गिरोह जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा। चोरी के बाद बैटरियों को खोलकर उनमें से मेटल निकाल लिया जाता था तथा बैटरी बॉक्स और अन्य सामान कबाड़ बाजार में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था।
आरोपियों की निशानदेही पर दल्लीराजहरा क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 49 जियो टॉवर बैटरियां, 311 खाली बैटरी बॉक्स, 29 प्लास्टिक बोरियों में भरा बैटरियों का मेटल, एक लोहे का हथौड़ा, दो पेचकस, एक रेती तथा ₹41 हजार नकद बरामद किया। पुलिस के अनुसार यह राशि चोरी की बैटरियों की बिक्री से प्राप्त हुई थी।
मामले में राजेश नेताम, माखन तुमरेटी, देवराज बघेल, राजेश यादव, एली मसीह एवं अंकित कुमार जैन को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल टावर, विद्युत उपकरण अथवा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों से संबंधित चोरी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

0 Comments
Post a Comment