भानुप्रतापपुर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

0
भानुप्रतापपुर। नगर में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा कांकेर रोड स्थित राम-जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नयापारा स्थित दुर्गा मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में "जय जगन्नाथ" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के सुसज्जित रथ को श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से खींचकर नगर भ्रमण कराया। रथयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की गई तथा पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। नयापारा स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान आगामी दस दिनों तक यहीं विराजमान रहेंगे, जिसके पश्चात बहुड़ा यात्रा (वापसी रथयात्रा) निकाली जाएगी।

रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग में पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित की गई।

श्रद्धा, आस्था, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली इस भव्य रथयात्रा में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और भगवान श्री जगन्नाथ के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment