ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, बैंक खातों में जमा 6.88 लाख की राशि होल्ड
चार मोबाइल फोन जब्त, भानुप्रतापपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी
कांकेर। कांकेर जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कांकेर पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं तथा उनके बैंक खातों में जमा 6 लाख 88 हजार की राशि होल्ड कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (भानुप्रतापपुर) आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को सूचना मिली कि बसंत नगर, नारायणपुर क्षेत्र में कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न अंकों पर रुपये का दांव लगवाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।
सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने 28 जुलाई को मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ रिंकू सॉरी (19 वर्ष), पिता रवि सॉरी, निवासी बसंत नगर, नारायणपुर, नरेंद्र जायसवाल (43 वर्ष), पिता दिनेश जायसवाल, निवासी सालियापारा वार्ड क्रमांक-7, भानुप्रतापपुर तथा मनोज सचदेव (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय द्वारिका सचदेव, निवासी संतोषी नगर, भानुप्रतापपुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹2.50 लाख कीमत के चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच के दौरान ऑनलाइन सट्टे से संबंधित बैंक खातों में जमा ₹6.88 लाख की राशि को भी होल्ड किया गया है। इस संबंध में थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 7(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, सहायक उपनिरीक्षक फलित कुमार, कैलाश पांडे, भागेश पटेल, पुरुषोत्तम कतलाम सहित थाना एवं साइबर टीम के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, तस्करी, जुआ, सट्टा अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125, डायल 112 या अपने निकटतम पुलिस थाना में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं अन्य सभी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें