चारामा के सूने मकान में 8 लाख रुपये की चोरी का खुलासा, पड़ोसी ही निकला चोर; 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने किया गिरफ्तार
चारामा। कांकेर जिले के चारामा नगर में सूने मकान में हुई करीब 8 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि पीड़ित का पड़ोसी ही निकला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई संपत्ति की लगभग शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पंकज मेश्राम 15 जुलाई को अपने परिवार के साथ धमतरी जिले के दानीटोला गए थे। 17 जुलाई को पड़ोसी ने उन्हें सूचना दी कि उनके मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि आलमारी का ताला टूटा हुआ था तथा सोने-चांदी के आभूषण, नगदी सहित लगभग 8.45 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो चुकी थी। इसके बाद थाना चारामा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पवन सोनकर (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-2, चारामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 16 जुलाई को मकान के पीछे से प्रवेश कर दरवाजा और आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी की थी। चोरी का सामान पर्स में रखकर वह उसी रास्ते से फरार हो गया। आरोपी ने निजी आर्थिक आवश्यकता के कारण चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए गए लोहे का पलटा, पेचकस, प्लास, आरी सहित अन्य औजार बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति का अनुमानित मूल्य करीब 8 लाख रुपये बताया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में थाना चारामा एवं साइबर सेल कांकेर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही कांकेर पुलिस कांकेर जिले में पुलिस लगातार चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर रही है। हाल के दिनों में कई चोरी की वारदातों का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे अपराधियों में भय का माहौल बना है और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें। साथ ही कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 पर भी सूचना दे सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

0 Comments
Post a Comment