दुधावा पुलिस चौकी में भावभीनी विदाई, नवपदस्थ प्रभारी मनीष नेताम का आत्मीय स्वागत

0

दुधावा। पुलिस चौकी दुधावा में सोमवार को स्थानांतरण के अवसर पर सम्मान एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना सरोना स्थानांतरित हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार वर्मा को पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी।

विदाई समारोह में निरीक्षक योगेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि दुधावा में उनका कार्यकाल हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा मिले सहयोग और विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी के सहयोग से बेहतर ढंग से कार्य करने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई पदस्थापना पर भी वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

इसी अवसर पर पुलिस चौकी दुधावा के नवपदस्थ प्रभारी मनीष नेताम का पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम नागरिकों को त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम के साथ समर्पित भाव से कार्य किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में उप निरीक्षक प्रेमशंकर ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम शोरी, प्रधान आरक्षक गौतम बिसेन, पदुम नेताम, परमेश्वर नेताम, गुरुचंद शोरी सहित पुलिस चौकी दुधावा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment