एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत प्राथमिक शाला इमलीपारा, जामगांव में हुआ भव्य पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

0
नरहरपुर। नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव स्थित प्राथमिक शाला इमलीपारा में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

ग्राम जामगांव स्थित प्राथमिक शाला इमलीपारा में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि *सरपंच श्रीमती भगवती उइके* ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों से हरियाली बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

विद्यालय की प्रधान पाठक *श्रीमती संध्या मांडवी* ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को पौधारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर *श्री सुरेश मांडवी* ने कहा कि आज लगाया गया एक छोटा-सा पौधा भविष्य में हजारों लोगों को स्वच्छ हवा, छाया और जीवन प्रदान करेगा। वहीं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री *श्री नरेंद्र नाग* ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृत्व के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से अपने परिवार, गांव और विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने का आग्ररा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है।

इस दौरान *_सुबन सिंह पड़ोटी, कृष्ण कुमार नेताम, संतोष यादव, चंद्रभान शोरी, अजीत नेताम_* सहित विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। प्राथमिक शाला इमलीपारा, ग्राम जामगांव में आयोजित यह पौधारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के माध्यम से सभी ने हरियाली बढ़ाने, प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने का सामूहिक संकल्प लिया।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment