डीजे संचालक निकला चोरी गिरोह का सरगना, ₹5 लाख के बिजली तार और डीजल जनरेटर चोरी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

0
कांकेर। कांकेर जिले की सरोना और आमाबेड़ा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए डीजे संचालन की आड़ में सक्रिय एक संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह पर करीब ₹5 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार और डीजल जनरेटर चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का सरगना शब्बीर शेखानी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, थाना सरोना क्षेत्र में मालगांव और बरकई के बीच निर्माणाधीन 132 केवी सेकंड सर्किट कांकेर-नगरी विद्युत लाइन के लिए रखे गए लगभग ₹3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार का एक ड्रम 3 से 6 दिसंबर 2025 के बीच चोरी हो गया था। मामले में कंपनी प्रतिनिधि मनोज सोनी की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

करीब छह माह तक चली जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, साइबर इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शुभम यादव (26), निवासी गोविंदपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस फरार आरोपी शब्बीर शेखानी के घर पहुंची, जहां चोरी का कंडक्टर तार सीढ़ी के नीचे बने स्थान में छिपाकर उसके सामने ईंट-सीमेंट की दीवार खड़ी कर दी गई थी, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने दीवार तुड़वाकर पूरा चोरी का तार बरामद कर लिया। इसके बाद शुभम यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इसी प्रकार थाना आमाबेड़ा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत नालाग्राम के पास निर्माणाधीन पुल स्थल से 17 मई 2026 की रात करीब ₹1.50 लाख मूल्य का डीजल जनरेटर चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी, कोरबा के इंजीनियर बी.बी. वर्मा की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3 (5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, साइबर इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले से योजना बनाकर रात में टाटा ऐस वाहन से पहुंचकर लोहे की चेन की सहायता से जनरेटर वाहन में लोड किया और चोरी कर लिया। बाद में उसे शब्बीर शेखानी के घर के पीछे छिपाकर रायपुर में बेचने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोकेश नाग (22) निवासी पटौद, रितेश पटेल (21) निवासी ठेलकाबोड़, करण नाग (21) निवासी ठेलकाबोड़ तथा सुभाष कुलदीप (25) निवासी चावड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया डीजल जनरेटर, घटना में प्रयुक्त टाटा ऐस वाहन, चेन एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का सरगना शब्बीर शेखानी डीजे संचालन और बड़े जनरेटर किराये पर देने का काम करता है। जनरेटर लोडिंग-अनलोडिंग में दक्ष कर्मचारियों और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर उसने संगठित गिरोह तैयार किया और चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने बताया कि बीएनएस के नए प्रावधानों के अनुसार यदि चोरी या अन्य अपराध से अर्जित धन से संपत्ति बनाई गई है, तो उसे भी कुर्क किया जा सकता है। मुख्य आरोपी शब्बीर शेखानी की तलाश जारी है। यदि वह फरार रहता है तो उसे फरार घोषित कर उसकी संपत्ति की जांच एवं कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य वाहनों और बरामद सामान की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है।

कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना, डायल-112 अथवा कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णत गोपनीय रखी जाएगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment