_नव नियुक्त एसपी से मिली भीम आर्मी, बढ़ते अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की उठाई मांग

0
*धमतरी, 17 जुलाई 2026।* धमतरी जिले की नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पाण्डेय का भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष मिलाप साहू के नेतृत्व में पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद संगठन ने जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में जिले में बढ़ रही गांजा तस्करी, अवैध शराब की बिक्री, जुआ-सट्टा, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जताते हुए इनके खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर एवं निरंतर कार्रवाई की मांग की गई। संगठन का कहना है कि इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
भीम आर्मी ने गोकुलपुर से भटगांव मार्ग पर लगातार हो रही लूटपाट, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए इस क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी या पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग की, ताकि पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित हो सके और लोगों को समय पर सुरक्षा एवं सहायता मिल सके।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन, सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएं तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

संगठन ने रूद्री थाना प्रभारी अमित सिंह के संबंध में प्राप्त शिकायतों का उल्लेख करते हुए उनके विरुद्ध लगाए गए अवैध वसूली, आम नागरिकों से दुर्व्यवहार, शिकायतों पर कार्रवाई के बदले धन की मांग तथा शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने जैसे आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र विभागीय जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि जांच में आरोप प्रमाणित होते हैं, तो नियमानुसार उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए।

भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने स्पष्ट किया कि यह ज्ञापन जनहित, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सौंपा गया है। संगठन ने विश्वास जताया कि नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनविश्वास को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment