कांकेर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह में विधायक आशाराम नेताम ने की कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा

0
कांकेर। नगर पालिका परिषद कांकेर में आयोजित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह में कांकेर विधानसभा के विधायक श्री आशाराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में नव-मनोनीत एल्डरमैनों को शपथ ग्रहण के उपरांत विधायक ने शुभकामनाएं देते हुए उनसे जनहित, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ नगर के विकास एवं नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कांकेर नगर के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि नगर के पुराने कम्युनिटी हॉल के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन भवन का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही नए बस स्टैंड के विकास कार्यों को गति देने तथा वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांकेर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से संपन्न नगर बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नगर के विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

विधायक श्री आशाराम नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि "मेरे रहते विकास का कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहेगा। कांकेर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त नगर बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास केवल वादा नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को निभाने का माध्यम है।"

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री महेश जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। उपस्थित लोगों ने नगर के विकास से जुड़ी घोषणाओं का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से कांकेर नगर के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment