कोयलीबेड़ा के जंगल में नक्सली डम्प का खुलासा, हथियार-बारूद समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
कांकेर। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टाकाल और दरवीकोड़ो के बीच स्थित जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के एक बड़े डम्प का खुलासा करते हुए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की भारी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) तथा बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम क्षेत्र में नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली डम्प का पता चला, जहां से बड़ी मात्रा में हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री में एक यूबीजीएल (UBGL), एक देशी कट्टा, यूबीजीएल के दो सेल, एके-47 के 2 कारतूस, .303 रायफल के 14 कारतूस, एसएलआर के 99 कारतूस, 8 एमएम के 21 कारतूस, 9 एमएम पिस्टल के 23 कारतूस, एके-47 की 2 मैगजीन, एसएलआर की एक मैगजीन, 10 बीजीएल सेल, 10 बीजीएल राउंड, 20 डेटोनेटर, लगभग 10 किलोग्राम विस्फोटक बारूद, एक दूरबीन (बाइनाक्युलर) तथा अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है।
सुरक्षा की दृष्टि से बरामद बीजीएल सेल, डेटोनेटर एवं विस्फोटक बारूद को बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) द्वारा मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय (डिफ्यूज) कर नष्ट कर दिया गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया गया।
यह संयुक्त अभियान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ भानुप्रतापपुर सेक्टर के डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा के कमांडेंट रणधीर सिंह गिल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान में बीएसएफ, डीआरजी तथा कोयलीबेड़ा पुलिस की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

0 Comments
Post a Comment