शहीद एवं नक्सल पीड़ित परिवारों के पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश, कलेक्टर ने निर्माण कार्य समय पर पूरा करने पर दिया जोर

0
संवाददाता, गौरव शोरी, नरहरपुर
कांकेर। कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा शहीद एवं नक्सल पीड़ित परिवारों के पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं जनशिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीएम पोर्टल, सुशासन तिहार तथा बस्तर मुन्ने शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकान सह गोदाम भवन, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन, मुख्यमंत्री घोषणा मद के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्य तथा आयुष्मान भारत योजना के पंजीयन सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेंद्र कुर्रे, अपर कलेक्टर अंतागढ़ श्री ए.एस. पैकरा, जिले के सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment