नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने संभाला धमतरी जिले का कार्यभार, कानून-व्यवस्था और पारदर्शी पुलिसिंग पर रहेगा विशेष फोकस

0

धमतरी। धमतरी जिले की नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार (भा.पु.से.) ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील मामलों, विशेष अभियानों तथा पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।

पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, डीएसपी, निरीक्षक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उनके नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा जताया।

पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित नियंत्रण, पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भाव के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारियों से कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा कार्यालय में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखते हुए विश्वास को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि टीमवर्क, ईमानदारी, जवाबदेही और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर धमतरी जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment