युवती को बाइक की टंकी पर उल्टा बैठाकर बनाई रील, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई, युवक ने कान पकड़कर मांगी माफी
रायपुर। नया रायपुर की सड़कों पर सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में एक युवक को कानून का सामना करना पड़ा। युवती को बाइक की टंकी पर उल्टा बैठाकर सार्वजनिक सड़क पर स्टंट और आपत्तिजनक अंदाज में रील बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर वायरल करना युवक को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत मामला दर्ज कर जुर्माना लगाया।
पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो की जांच के दौरान मोटरसाइकिल के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान भीमेश देवांगन (24 वर्ष), निवासी मठपुरैना, थाना टिकरापारा के रूप में हुई। जांच के बाद उसे थाना राखी बुलाकर पूछताछ की गई।
थाना राखी के अपराध क्रमांक 154/2026 के तहत आरोपी पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने, यातायात नियमों की अनदेखी करने तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी पर जुर्माना भी लगाया।
कार्रवाई के दौरान युवक ने पुलिस की मौजूदगी में कान पकड़कर और हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी तथा भविष्य में इस प्रकार की हरकत दोबारा नहीं करने का भरोसा दिया। पुलिस ने उसका माफीनामा वीडियो भी जारी किया, ताकि युवाओं को कानून का पालन करने और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए जोखिमपूर्ण एवं अशोभनीय हरकतों से बचने का संदेश दिया जा सके।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट, अश्लीलता या यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ पाने के लिए कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें