भानुप्रतापपुर थाना को मिले नए थाना प्रभारी, अंबर सिंह भारद्वाज ने संभाला कार्यभार
भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापपुर थाना को नए थाना प्रभारी मिल गए हैं। निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज ने विधिवत रूप से थाना प्रभारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने निष्पक्ष, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नवपदस्थ थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज इससे पूर्व जिला दुर्ग के सुपेला थाना में पदस्थ थे। अपनी कार्यकुशलता, अनुशासित कार्यशैली एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए वे पुलिस विभाग में विशेष पहचान रखते हैं।
मूलतः राजनांदगांव निवासी अंबर सिंह भारद्वाज खेल जगत में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। वे कराटे के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं तथा अंतरराष्ट्रीय पुलिस गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्हें कराटे में ब्लैक बेल्ट का सम्मान भी प्राप्त है।
भानुप्रतापपुर थाना की कमान संभालने के बाद क्षेत्रवासियों को उनसे बेहतर कानून व्यवस्था, त्वरित कार्रवाई तथा जनहित में प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाएगा।

0 Comments
Post a Comment