जर्जर सड़क से ग्रामीण बेहाल, जनपद सदस्य वरुण खपर्डे ने कलेक्टर से की सीसी सड़क निर्माण की मांग
भानुप्रतापपुर। विकासखंड के कान्हारगांव में मुख्य मार्ग से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो जाने के कारण बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों को प्रतिदिन आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या को गंभीरता से लेते हुए जनपद सदस्य वरुण खपर्डे ने कांकेर कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को ज्ञापन सौंपकर वनोपज नाका मुख्य मार्ग से रंगमंच तक सीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त मार्ग पर शीघ्र सीसी सड़क निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने का आग्रह किया है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में बढ़ती समस्याओं को देखते हुए इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

0 Comments
Post a Comment