पेपर लीक पर राजनीति नहीं, परीक्षार्थियों के हित में हो समाधान नरोत्तम सिंह चौहान
भानुप्रतापपुर। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के प्रचार-प्रसार मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान ने NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर राजनीति करने के बजाय परीक्षार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ठोस समाधान निकालना आवश्यक है।
नरोत्तम सिंह चौहान ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। इसलिए इस विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से बचते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2018 से 2023 तक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए पीएससी (PSC) भर्ती विवाद को लेकर आज कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय विद्यार्थियों के साथ हुए कथित अन्याय के मामले में कांग्रेस ने क्या ठोस कार्रवाई की थी।
चौहान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का समर्थन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक के मामलों को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना और प्रत्येक परीक्षार्थी के हितों की रक्षा करना है।
उन्होंने अंत में कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी राजनीतिक विवाद से ऊपर है और सभी दलों को इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सकारात्मक सहयोग करना चाहिए।

0 Comments
Post a Comment