विधायक अंबिका मरकाम के निर्देश पर नगरी–कांकेर मुख्य मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल अस्थायी मरम्मत शुरू
नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम के त्वरित हस्तक्षेप के बाद नगरी–कांकेर मुख्य मार्ग के साकरा, रानीगांव और उमरगांव के बीच अत्यधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों में तत्काल अस्थायी मरम्मत (पैचवर्क) का कार्य शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से जर्जर सड़क के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
हाल ही में विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विधायक अंबिका मरकाम ने स्वयं इस मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और खराब स्थिति को गंभीरता से देखा। इस दौरान उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त सड़क से कठिनाईपूर्वक गुजर पाया। यह मार्ग नगरी और कांकेर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन स्कूली छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, यात्री बसें, मालवाहक वाहन तथा अन्य छोटे-बड़े वाहन आवागमन करते हैं।
सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए विधायक ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एसडीओ एवं कार्यपालन अभियंता (ईई), धमतरी से चर्चा कर निर्देश दिए कि जहां-जहां सड़क अधिक क्षतिग्रस्त है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पैचवर्क कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। विधायक के निर्देश के बाद विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया।
विधायक अंबिका मरकाम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कराया जा रहा पैचवर्क केवल अस्थायी व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि नगरी–कांकेर मुख्य मार्ग का स्थायी निर्माण एवं चौड़ीकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेलरगांव प्रवास के दौरान की थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस महत्वपूर्ण सड़क के स्थायी निर्माण की मांग कर रही है। इस मांग को पूरा कराने के लिए वे शासन स्तर पर लगातार प्रयास कर रही हैं तथा शीघ्र स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए उच्च स्तर पर प्रभावी पहल करेंगी।
विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक विषय उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। जनहित के मुद्दों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

0 Comments
Post a Comment