प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा, लंबित आवास जल्द पूर्ण कराने के निर्देश

0

कांकेर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री हरेश मंडावी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गूकोंदल, भानुप्रतापपुर और कांकेर विकासखंड के जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नोडल अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक, अल्प प्रगति वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में लंबित आवासों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सभी अपूर्ण आवासों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।

सीईओ श्री मंडावी ने निर्देश दिए कि सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में 5 से 10 हितग्राहियों द्वारा सामूहिक रूप से निर्माण सामग्री का परिवहन कराया जाए, ताकि लागत कम हो और निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने अप्रारंभ आवासों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा पात्र हितग्राहियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में यह भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि कोई ठेकेदार या मिस्त्री हितग्राहियों से राशि लेकर फरार हो जाता है या धोखाधड़ी करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम के गायता, पटेल एवं समाज प्रमुखों के सहयोग से हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने पर भी बल दिया गया।

जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो हितग्राही किसी कारणवश स्वयं आवास निर्माण नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान कर निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने आवास योजना से जुड़े मैदानी अमले को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने, कमजोर प्रगति वाली ग्राम पंचायतों की विशेष निगरानी रखने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी देकर कार्य में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एपीओ, डीसी सहित विकासखंड स्तर के अधिकारी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment