डायल-112 की तत्परता पर धमतरी पुलिस का सरप्राइज चेक, महज 5 मिनट में मौके पर पहुंची टीम

0

धमतरी। आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता और रिस्पांस टाइम का आकस्मिक परीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर आयोजित इस सरप्राइज चेक में डायल-112 टीम ने मात्र 5 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी तत्परता, कार्यकुशलता और बेहतर समन्वय का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने डायल-112 की वास्तविक रिस्पांस क्षमता का परीक्षण करने के लिए कंट्रोल रूम को सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल सक्रिय हुई और बिना किसी विलंब के केवल पांच मिनट में निर्धारित स्थान पर पहुंच गई।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्वयं टीम के रिस्पांस टाइम, कार्यप्रणाली, आपसी समन्वय तथा आपातकालीन परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम की त्वरित प्रतिक्रिया पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ आमजन की सहायता करने के निर्देश दिए।

धमतरी पुलिस का यह आकस्मिक परीक्षण आपातकालीन पुलिस सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि सड़क दुर्घटना, अपराध अथवा किसी भी अन्य आपात स्थिति में आम नागरिकों को कम से कम समय में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, अपराध या तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर डायल-112 पर संपर्क करें। धमतरी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए 24×7 पूरी प्रतिबद्धता के साथ तत्पर है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment