भारतमाला रोड पर 11 छोटे गौवंश बरामद, पिकअप छोड़कर चालक फरार
नरहरपुर। कांकेर जिले में भारतमाला रोड के रास्ते पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध पिकअप वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान चालक वाहन को निर्माणाधीन सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर उसमें रखे 11 छोटे गौवंशों को बरामद किया है। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे कांकेर निवासी विहिप, बजरंग दल जिला सहयोजक प्रदीप साहू प्रदीप कुमार साहू को सूचना मिली कि भारतमाला रोड पर दुधावा के रास्ते एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ ग्राम शामतरा स्थित निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास पहुंचे। इसी दौरान धमतरी की ओर से एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 24 के 6588 आता दिखाई दिया।
कार्यकर्ताओं ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कार से पिकअप वाहन का पीछा किया। बताया गया कि पीछा किए जाने के दौरान चालक ने दुधावा के भारत माला रोड ब्रिज से करीब 300 मीटर आगे निर्माणाधीन सड़क पर पिकअप वाहन खड़ा कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पिकअप वाहन के पिछले हिस्से में नीले रंग का तिरपाल लगा हुआ था। तिरपाल हटाकर जांच करने पर वाहन के अंदर 11 छोटे-छोटे गौवंश बेतरतीब तरीके से भरे हुए मिले। शिकायतकर्ता के अनुसार, वाहन में गौवंशों के लिए पर्याप्त घास-चारा और पानी की व्यवस्था नहीं थी। इसको लेकर पशुओं के साथ क्रूरता किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर दुधावा पुलिस मौके पर पहुंची और गौवंशों से भरे पिकअप वाहन को पुलिस चौकी लाया गया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर गौवंशों को बरामद किया। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब जब्त पिकअप वाहन के आधार पर फरार चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें