उजियारा अभियान के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "उजियारा अभियान" के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लीटर अवैध देशी महुआ शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 11 अगस्त 2026 को भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बसंत नगर, नारायणपुर में एक महिला अपने घर के पास अवैध देशी महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम निशा नेताम, पति स्वर्गीय गोविंद नेताम, उम्र 46 वर्ष, निवासी बसंत नगर, नारायणपुर, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर बताया। महिला पुलिसकर्मी द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो सफेद जरकिन में कुल 12 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित देशी महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,800 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने अवैध शराब को जब्त करते हुए आरोपी महिला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 163/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में विधिसम्मत न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शेर बहादुर सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, महिला प्रधान आरक्षक 283 उम्मीत्र मांडवी, प्रधान आरक्षक 551 विजय कटकवार, आरक्षक 21 टोमन साहू एवं आरक्षक 1205 ओजस्वी मांडवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125, डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ "उजियारा अभियान" के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें