उजियारा अभियान के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.575 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

0

भानुप्रतापपुर। कांकेर पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे "उजियारा अभियान" के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री की फिराक में खड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.575 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 79 हजार रुपये, तथा 2,600 रुपये नगद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में कुल 81,600 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी किशोर जैन (35 वर्ष), निवासी संबलपुर, गांजा बेचने की नीयत से संदिग्ध अवस्था में खड़ा था। सूचना मिलने पर भानुप्रतापपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा और नगद राशि बरामद की गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 20 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी गांजा या अन्य अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125, डायल 112 अथवा अपने निकटतम पुलिस थाने में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार सहित अन्य सभी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें