*शव दफनाने को लेकर श्यामतराई गांव में विवाद, ग्रामीणों ने जताया विरोध, पुलिस-तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति*
धमतरी। धमतरी जिले के श्यामतराई गांव में महिला के शव को दफनाने को लेकर शनिवार को विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। महिला के निधन के बाद परिवार द्वारा शव को दफनाने की तैयारी की जा रही थी, जिसकी जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव में शव दफनाने का विरोध किया। मामला बढ़ता देख पुलिस और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, श्यामतराई निवासी मोहन साहू की माता गीता बाई (50 वर्ष) का शनिवार सुबह निधन हो गया था। परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों को शव दफनाने की जानकारी मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और शव को गांव में दफनाने पर आपत्ति जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित परिवार लंबे समय से गांव में प्रचलित हिंदू रीति-रिवाजों और परंपराओं का पालन नहीं करता है। ग्रामीणों ने दावा किया कि परिवार में पूर्व में हुई मौतों के बाद मुंडन संस्कार सहित कुछ पारंपरिक कार्यक्रम नहीं किए गए तथा परिवार के सदस्य गांव में आयोजित होने वाले 'नहावन' जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं होते हैं।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि परिवार की धार्मिक मान्यताओं को लेकर गांव में पहले भी चर्चा और बैठकें हो चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार द्वारा देवी-देवताओं की मान्यता को लेकर अलग विचार व्यक्त किए गए थे, जिसके कारण गांव में पहले से नाराजगी बनी हुई थी।
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार दुर्गेश तंवर सहित पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों से बातचीत की तथा समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन की मौजूदगी में मामले को शांत कराया गया।
तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि श्यामतराई गांव में शव दफनाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया गया।
फिलहाल, मामले में प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। शव के अंतिम संस्कार को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य होने की जानकारी है।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें